Manoj Kumar की अंतिम विदाई की तैयारी, प्रधानमंत्री मोदी ने साझा की यादगार तस्वीरें

Manoj Kumar की अंतिम विदाई की तैयारी, प्रधानमंत्री मोदी ने साझा की यादगार तस्वीरें

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और फिल्मकार Manoj Kumar के निधन से सिनेमा और राजनीति दोनों ही क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई प्रमुख नेताओं ने उनके निधन पर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। मनोज कुमार का 87 वर्ष की उम्र में मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में निधन हो गया। उन्हें पद्म श्री और दादा साहेब फालके पुरस्कार जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा गया था। उनका निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है।

प्रधानमंत्री मोदी ने किया याद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर Manoj Kumar के साथ अपनी पुरानी तस्वीरें साझा की और लिखा, “महान अभिनेता और फिल्मकार मनोज कुमार जी के निधन से गहरा दुख हुआ। वह भारतीय सिनेमा के एक प्रतीक थे। उन्हें विशेष रूप से देशभक्ति से भरी उनकी फिल्मों के लिए याद किया जाएगा। उनकी फिल्मों ने देशप्रेम की भावना को जागृत किया और वह हमेशा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत रहेंगे। इस दुख की घड़ी में उनके परिवार और उनके चाहने वालों के साथ मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।”

राजनाथ सिंह ने किया श्रद्घांजलि

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी Manoj Kumar के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “मनोज कुमार जी एक बहुआयामी अभिनेता थे, जिन्हें देशभक्ति से भरी फिल्मों के लिए हमेशा याद किया जाएगा। ‘भारत कुमार’ के नाम से प्रसिद्ध, उनकी फिल्मों ‘उपकार’ और ‘पूरब और पश्चिम’ में उनके द्वारा निभाए गए अद्वितीय किरदारों ने हमारी संस्कृति को समृद्ध किया और उन्हें पीढ़ियों तक लोगों का पसंदीदा बना दिया। उनका फिल्मी योगदान सदैव जीवित रहेगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।”

Manoj Kumar का अंतिम संस्कार कल

Manoj Kumar लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे और आज तड़के 3:30 बजे उनका निधन हो गया। उनके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया कल सुबह 9 बजे पवन हंस शमशान घाट पर की जाएगी। अपने फिल्मी करियर में मनोज कुमार को सात बार फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उनकी पहली फिल्मफेयर अवार्ड 1968 में आई थी। उनकी फिल्म ‘उपकार’ का गीत “मेरे देश की धरती सोना उगले” बहुत ही लोकप्रिय हुआ था। यह फिल्म चार फिल्मफेयर अवार्ड्स जीतने में सफल रही थी, जिसमें सर्वश्रेष्ठ फिल्म, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक, सर्वश्रेष्ठ कहानी और सर्वश्रेष्ठ संवाद शामिल थे। 2016 में उन्हें दादा साहेब फालके पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।