Delhi DEVI Bus Inauguration: दिल्ली को मिला इलेक्ट्रिक क्रांति का तोहफा, DEVI बसों से सफर भी स्मार्ट और साफ

Delhi DEVI Bus Inauguration: दिल्ली को मिला इलेक्ट्रिक क्रांति का तोहफा, DEVI बसों से सफर भी स्मार्ट और साफ

Delhi DEVI Bus Inauguration: दिल्ली की जनता को नई सौगात मिली है। दिल्ली सरकार की मंशा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गुरुवार, 5 जून को राजधानी दिल्ली में 200 DEVI यानी दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल इंटरकनेक्टर बसों का शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम महावीर वनस्थली पार्क में आयोजित किया गया था, जहां से प्रधानमंत्री मोदी ने इन इलेक्ट्रिक बसों को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव भी मौजूद रहे। यह बसें दिल्ली के विभिन्न इलाकों में जनता को बेहतर, साफ-सुथरी और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन सुविधा प्रदान करेंगी।

रेखा गुप्ता ने जताई पर्यावरण सुधार की उम्मीद

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस पहल को राजधानी की वायु गुणवत्ता सुधारने की दिशा में एक दूरदर्शी कदम बताया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार पूरी तरह से दिल्ली को स्वच्छ, हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं DEVI बस में यात्रा की, जिसके साथ केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव भी थे। इस यात्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसने लोगों में उत्साह और उम्मीदें और बढ़ा दी हैं।

DEVI बस योजना क्या है?

‘DEVI’ बस योजना के तहत चलायी जा रही ये इलेक्ट्रिक बसें राजधानी के 27 रूट्स पर सेवा देंगी। इस योजना का मुख्य उद्देश्य दिल्ली के हर कोने तक यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करना और सार्वजनिक परिवहन सेवा को अधिक सुविधाजनक बनाना है। अभी तक दिल्ली में 12 मीटर लंबी बसें चलती थीं, लेकिन ये नई इलेक्ट्रिक बसें 9 मीटर लंबी हैं, जिन्हें आराम, सुविधा और पर्यावरण के अनुकूल बनाए जाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। इससे न सिर्फ यात्रा में आसानी होगी बल्कि पर्यावरण को भी काफी लाभ मिलेगा।

तीन रंगों में उपलब्ध होंगी इलेक्ट्रिक बसें

दिल्ली सरकार की योजना के तहत कुल 2,080 इलेक्ट्रिक बसें लाई जाएंगी, जो तीन रंगों – नारंगी, पीला और हरा – में उपलब्ध होंगी। यात्रियों को अपनी सुविधानुसार बस के रूट और समय की जानकारी ‘वन दिल्ली’ मोबाइल ऐप पर भी मिल सकेगी। यह बस योजना राजधानी की ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को आधुनिक बनाने और प्रदूषण को कम करने में अहम भूमिका निभाएगी। सरकार का मानना है कि DEVI बस योजना से न केवल सफर सुगम होगा बल्कि दिल्ली का पर्यावरण भी साफ और स्वस्थ रहेगा।