पाहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा है। भारत की सख्ती से घबराकर पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र का दरवाजा खटखटाया है। पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) से आपात बैठक बुलाने की मांग की थी जिसे मंजूरी भी मिल गई है। आज यानी 5 मई को भारत और पाकिस्तान के मुद्दे पर UNSC की बैठक होगी। पाकिस्तान इस बार 10 अस्थायी सदस्य देशों में शामिल है और इसी के आधार पर उसने यह बैठक बुलाने की सिफारिश की है।
बंद कमरे में होगी बैठक
यह बैठक सुरक्षा कारणों से बंद कमरे में की जाएगी। इसका मतलब यह है कि बैठक में जो भी चर्चाएं होंगी वह सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आएंगी। यूनाइटेड नेशंस में ग्रीस इस समय अध्यक्ष पद पर है और ग्रीक अध्यक्षता ने इस बैठक को आज दोपहर के लिए तय किया है। पाकिस्तान ने भारत के साथ तनाव को लेकर यह बैठक बुलाने की बात रखी थी और अब यह दुनिया की नजरों में आ गया है कि दोनों देशों के बीच बढ़ते विवाद को सुलझाने के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर चर्चा जरूरी हो गई है।
If request comes for meeting..it might happen sooner rather than later', UNSC President & Greece’s UN Envoy Sekeris on if a UNSC meet can happen on India-Pak. Response to @Yoshita_Singh pic.twitter.com/Z9eK69ed90
— Goutam Kamati (@ufo199) May 2, 2025
कौन हैं संयुक्त राष्ट्र के अस्थायी सदस्य
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में कुल 15 सदस्य होते हैं जिनमें 5 स्थायी सदस्य देश हैं – रूस, अमेरिका, चीन, फ्रांस और यूनाइटेड किंगडम। इन पांचों को वीटो पावर प्राप्त होती है। इनके अलावा 10 अस्थायी सदस्य भी होते हैं जिनका कार्यकाल सिर्फ 2 साल का होता है। फिलहाल जो देश अस्थायी सदस्य हैं उनमें अल्जीरिया, डेनमार्क, ग्रीस, गुयाना, पाकिस्तान, पनामा, साउथ कोरिया, सिएरा लियोन, स्लोवेनिया और सोमालिया शामिल हैं। पाकिस्तान इस समय अपने सदस्यता का लाभ उठाकर भारत के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है।
ग्रीस और भारत की प्रतिक्रियाएं
संयुक्त राष्ट्र में ग्रीस के स्थायी प्रतिनिधि इवांगेलोस सेकेरिस ने भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव पर कहा कि “हम किसी भी देश में आतंकवाद की कड़ी निंदा करते हैं लेकिन हमें इन दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव पर भी चिंता है।” वहीं भारत ने एक हफ्ते पहले ही संयुक्त राष्ट्र को आगाह किया था कि पाकिस्तान पहले आतंकवाद का खेल खेलता है और फिर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर खुद को मासूम दिखाने की कोशिश करता है। भारत ने पाकिस्तान के झूठे प्रचार को उजागर करने की बात कही थी। हालांकि पाकिस्तान के संयुक्त राष्ट्र में प्रतिनिधि असीम इफ्तिखार ने यह बयान दिया कि संयुक्त राष्ट्र जब भी उचित समझे यह बैठक बुला सकता है। अब यह देखना होगा कि बंद कमरे में होने वाली इस बैठक में दुनिया के सामने क्या निष्कर्ष आता है।