Delhi AIIMS: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ने आज से सभी डॉक्टरों, नर्सों, अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। AIIMS ने एक नोटिस जारी करके इस आदेश की जानकारी दी। इस नोटिस में कहा गया है कि अब से लेकर अगले आदेश तक किसी भी अधिकारी को मेडिकल कारणों के अलावा किसी भी प्रकार की छुट्टी नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही पहले से स्वीकृत छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं और जो अधिकारी छुट्टी पर गए हैं, उन्हें तुरंत अपनी ड्यूटी पर लौटने के लिए कहा गया है।
सफदरजंग अस्पताल में भी छुट्टियां रद्द
सफदरजंग अस्पताल ने भी अपने कर्मचारियों और डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। यह आदेश अस्पताल के प्रमुख गीता खन्ना द्वारा जारी किया गया। नोटिस में बताया गया कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए सभी फैकल्टी (डॉक्टरों) की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। डॉक्टरों से कहा गया है कि वे किसी भी आपात स्थिति का सामना करने के लिए तैयार रहें। सफदरजंग अस्पताल में डॉक्टरों की आधी संख्या छुट्टी पर होती है, लेकिन इस समय उन्हें वापस अपनी ड्यूटी पर बुलाया गया है।
Leaves cancelled at AIIMS Delhi. Following the order of the Ministry of Health and Family Welfare, no leave of any kind, including station leave, is to be granted to any officer except on medical grounds, till further orders. Further, the already sanctioned leave, if any, stands… pic.twitter.com/r3DBm3JEJD
— ANI (@ANI) May 9, 2025
वर्तमान स्थिति को ध्यान में रखते हुए, दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, लेडी हार्डिंग अस्पताल सहित कई अन्य मेडिकल कॉलेजों से जुड़े अस्पतालों में भी डॉक्टरों की छुट्टियां रद्द हो सकती हैं। AIIMS और RML में डॉक्टरों की गर्मी की छुट्टियां 16 मई से शुरू होने वाली थीं, लेकिन अब इन छुट्टियों के रद्द होने की संभावना है। इस कदम का उद्देश्य किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को तैयार रखना है।
दिल्ली पुलिस की छुट्टियां भी रद्द
इसी बीच, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस को भी आदेश जारी किया है कि सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। यह कदम सुरक्षा स्थिति को देखते हुए उठाया गया है, ताकि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटा जा सके। पुलिस कर्मियों से कहा गया है कि वे अपनी ड्यूटी पर तत्पर रहें और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया दें।