Rajnath Singh: शक्ति सिंह की तरह POK के लोग! राजनाथ सिंह की बातें खोलेंगी दिल का राज?

Rajnath Singh: शक्ति सिंह की तरह POK के लोग! राजनाथ सिंह की बातें खोलेंगी दिल का राज?

रक्षा मंत्री Rajnath Singh ने कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री के वार्षिक बिजनेस समिट-2025 में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने विश्व के वर्तमान हालात पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में असमंजस का माहौल है और हर जगह संघर्ष देखने को मिल रहे हैं। इसके कई कारण हो सकते हैं लेकिन सबसे बड़ा कारण भरोसे की कमी है। भारत में हम अपने अंदरूनी विभिन्न क्षेत्रों, समुदायों और आर्थिक वर्गों के बीच मजबूत भरोसे का वातावरण बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी प्रयास की बदौलत हमने अभूतपूर्व सफलता हासिल की है।

रक्षा मंत्री ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के लोगों के बारे में भी महत्वपूर्ण बातें कही। उन्होंने कहा कि PoK में रहने वाले अधिकतर लोग भारत से गहरा लगाव महसूस करते हैं। केवल कुछ लोग ही गुमराह हुए हैं। उन्होंने PoK में रहने वाले अपने भाइयों की स्थिति का उदाहरण शाक्ति सिंह के रूप में दिया, जो महाराणा प्रताप के छोटे भाई थे। भारत हमेशा दिलों को जोड़ने की बात करता है और हम मानते हैं कि प्रेम, एकता और सत्य के रास्ते पर चलकर वह दिन दूर नहीं जब PoK भी कहेगा – ‘मैं भारत हूं, मैं वापस आ गया हूं।’ PoK के भारत में जुड़ाव के लिए इस देश की सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक समृद्धि जरूरी है।

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर गर्व

Rajnath Singh ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को देश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस अभियान के जरिये पूरे देश ने ‘मेक इन इंडिया’ अभियान की ताकत को महसूस किया। आज यह साबित हो चुका है कि ‘मेक इन इंडिया’ न केवल भारत की समृद्धि के लिए बल्कि उसकी सुरक्षा के लिए भी बेहद आवश्यक है। यदि हमारे पास यह क्षमता नहीं होती तो भारत की सेनाएं आतंकवाद के खिलाफ इतनी प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पातीं, जो उन्होंने पाकिस्तान के निचले इलाकों से लेकर PoK तक की है। ऑपरेशन सिंदूर ने देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में ‘मेक इन इंडिया’ के योगदान को स्पष्ट किया है।

AMCA परियोजना के जरिए देश की रक्षा क्षमता में मजबूती

रक्षा मंत्री ने बताया कि आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए रक्षा क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले ही एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) परियोजना के क्रियान्वयन मॉडल को मंजूरी दी गई है। यह परियोजना भारत में पांचवीं पीढ़ी के फाइटर जेट बनाने की है। यह निर्णय बहुत साहसिक और निर्णायक है, जो न केवल भारत की रक्षा क्षमता को मजबूत करेगा बल्कि देश के एयरोस्पेस सेक्टर को भी नई ऊंचाइयां देगा। इससे भारत की सैन्य ताकत और तकनीकी विकास को बड़ी बढ़त मिलेगी।