Delhi Crime: बुधवार शाम दिल्ली के स्वरूप नगर थाना क्षेत्र के काड़ी विहार में हुई सनसनीखेज फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। यहां एक दंपति के बेटे का कथित दोस्त उनके घर में घुसा और ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस घटना में पति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में फौरन कार्रवाई शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें बनाई गई हैं।
ट्रक ड्राइवर था मृतक अशोक
पुलिस को शाम करीब 7 बजे काड़ी विहार में फायरिंग की सूचना मिली। स्वरूप नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि 42 वर्षीय अशोक और उनकी 40 वर्षीय पत्नी रचना पर कई राउंड गोलियां चलाई गई थीं। अशोक ट्रक ड्राइवर के रूप में काम करता था और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, रचना को गंभीर हालत में पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत जुटाए जिसमें खाली कारतूस और अन्य सुराग शामिल थे।
पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि इस घटना का मुख्य आरोपी गोलू है जो मृतक अशोक के बेटे संदीप का दोस्त था। पहले संदीप और गोलू की अच्छी दोस्ती थी लेकिन हाल के दिनों में दोनों के बीच दूरियां आ गई थीं। जांच में पता चला कि संदीप और गोलू के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस का मानना है कि इसी दुश्मनी के चलते गोलू ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय संदीप घर पर मौजूद नहीं था।
CCTV फुटेज से की जा रही पहचान
स्वरूप नगर थाना पुलिस ने इस मामले में हत्या और हत्या की कोशिश का केस दर्ज किया है। आरोपी की पहचान CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर की जा रही है। डीसीपी (नॉर्थ-वेस्ट) ने बताया कि पुलिस टीम गोलू और उसके साथियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इस घटना ने दिल्ली में बढ़ते आपराधिक मामलों पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।