MI vs PBKS: फाइनल की टिकट पंजाब के नाम, हार से टूटा मुंबई का स्वर्णिम सपना!

MI vs PBKS: फाइनल की टिकट पंजाब के नाम, हार से टूटा मुंबई का स्वर्णिम सपना!

MI vs PBKS: IPL 2025 के दूसरे क्वालिफायर मुकाबले में पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 5 विकेट से हरा दिया और पहली बार फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। इस हार के साथ ही मुंबई का छठी बार खिताब जीतने का सपना टूट गया। मुकाबले के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या पूरी तरह टूट गए। मैदान पर ही वह बैठ गए और भावुक हो गए। तभी जसप्रीत बुमराह ने आकर उन्हें संभाला और हौसला दिया। पंजाब की जीत ने उनके खिलाड़ियों और फैंस में खुशी की लहर दौड़ा दी, वहीं मुंबई इंडियंस के खेमें में मायूसी छा गई।

मुंबई के खिलाड़ी और स्टाफ रहे मायूस

मुंबई इंडियंस के गेंदबाज अश्विनी कुमार मैच खत्म होने के बाद मैदान पर ही रोने लगे। टीम के अनुभवी खिलाड़ी रोहित शर्मा भी काफी दुखी नजर आए। उनकी उदासी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। इसके अलावा मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी की एक तस्वीर भी खूब चर्चा में है, जिसमें वह हार के बाद अपना सिर पकड़कर बैठी नजर आ रही हैं। वहीं, मुंबई के बॉलिंग कोच लसिथ मलिंगा भी डगआउट में मायूस बैठे दिखे। पूरी टीम के चेहरे पर हार का दर्द साफ नजर आ रहा था।

अहमदाबाद में लगातार छठी हार

दिलचस्प बात यह रही कि अहमदाबाद के मैदान पर मुंबई इंडियंस की यह लगातार छठी हार रही। मुंबई की टीम ने इस मैदान पर आखिरी बार साल 2014 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ जीत दर्ज की थी। उसके बाद से यहां वह कोई भी मुकाबला जीतने में नाकाम रही है। IPL 2025 में भी मुंबई ने इस मैदान पर दो मैच खेले और दोनों ही हार गई। फैंस के लिए यह लगातार हार का सिलसिला काफी निराशाजनक रहा, क्योंकि हर बार टीम जीत के करीब आकर भी पिछड़ जाती है।

हार के बाद क्या बोले हार्दिक पंड्या

क्वालिफायर मैच में कप्तान के रूप में हार्दिक पंड्या का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। उन्होंने बल्लेबाजी में सिर्फ 13 गेंदों में 15 रन बनाए और गेंदबाजी में 2 ओवर में 19 रन लुटा दिए। उनकी कप्तानी भी इस मैच में साधारण रही। हार के बाद पंड्या ने कहा कि श्रेयस ने जिस तरह से बल्लेबाजी की, मौके लिए और बेहतरीन शॉट्स खेले, वह काबिल-ए-तारीफ था। उन्होंने माना कि उनकी टीम दबाव में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई। अंत में उन्होंने यह भी माना कि अगर सही समय पर सही गेंदबाज का इस्तेमाल किया होता, तो शायद मैच का नतीजा बदल सकता था। हार्दिक की यह ईमानदार स्वीकारोक्ति उनके आत्मचिंतन को दिखाती है, लेकिन अब टीम को अगले सीजन के लिए अपनी रणनीति पर गंभीरता से काम करना होगा।

मुंबई इंडियंस के फैन्स के लिए यह हार बड़ा झटका रही, लेकिन खेल में हार-जीत लगी रहती है। अब सभी की नजरें IPL 2025 के फाइनल मुकाबले पर टिकी होंगी, जहां पंजाब किंग्स पहली बार खिताब जीतने की कोशिश करेगी।