Numerology: जिन लोगों का जन्म महीने की 5, 14 या 23 तारीख को हुआ है उनका मूलांक 5 माना जाता है। इनका स्वामी ग्रह बुध होता है जो बुद्धिमत्ता, तर्क, संवाद कला और व्यापार से जुड़ा होता है। इसी वजह से मूलांक 5 वाले लोग तेज़ दिमाग वाले और बातें करने में माहिर माने जाते हैं। इन्हें हर परिस्थिति में खुश रहने वाला व्यक्ति कहा जाता है। ये जल्दी घबराते नहीं और अपने बोलचाल के हुनर से लोगों को आकर्षित कर लेते हैं। हालांकि कभी-कभी ये गुस्से में आ जाते हैं या ज़्यादा बात करने लगते हैं। क्रिकेट स्टार विराट कोहली भी मूलांक 5 वाले हैं क्योंकि उनका जन्म 5 नवंबर को हुआ है।
परिवार और प्रेम संबंधों में इनका अंदाज़ अलग
मूलांक 5 वाले लोग परिवार में जिम्मेदार भूमिका निभाते हैं। वे अपने कर्तव्यों को समझते हैं लेकिन कभी-कभी अपने चंचल स्वभाव के कारण परिवार से थोड़ा दूरी बना लेते हैं। परिवार के लोग ऐसा समझ सकते हैं कि ये उनकी परवाह नहीं करते जबकि ऐसा नहीं होता। ये लोग भले ही दुनियादारी में उलझे रहते हों लेकिन दिल से अपने घरवालों की चिंता करते हैं। प्यार के मामले में ये थोड़ा चुलबुले और फ्लर्ट करने वाले हो सकते हैं। शादी से पहले इनके कई अफेयर हो सकते हैं लेकिन शादी के बाद ये अपने पार्टनर को पूरा साथ देते हैं और उन्हें हर खुशी देने की कोशिश करते हैं।
सामाजिक जीवन में बनाते हैं खास पहचान
मूलांक 5 वाले लोग समाज में अपनी अलग पहचान बनाते हैं। इनका बोलने का अंदाज़ खुला और प्रभावशाली होता है इसलिए लोग इन्हें ध्यान से सुनते हैं। बुध के प्रभाव से इनकी बातों में तर्क और सच्चाई होती है। लेकिन कई बार ज़्यादा बोलने की वजह से लोग इन्हें गंभीरता से लेना बंद कर देते हैं। अगर ये लोग किसी ऊंचे पद पर पहुंच जाएं तो समाज में बदलाव लाने की कोशिश भी करते हैं। इनका सामाजिक दायरा बड़ा होता है और ये अक्सर चर्चा में बने रहते हैं।
करियर और सेहत के क्षेत्र में क्या कहते हैं सितारे
बुध ग्रह की वजह से मूलांक 5 वाले करियर में अच्छी सफलता प्राप्त करते हैं। ये लोग जन्म से ही लीडरशिप और मैनेजमेंट के गुण लेकर आते हैं। इन्हें जज, वकील, शिक्षक, पत्रकार, खिलाड़ी, डॉक्टर, एस्ट्रोलॉजर और पब्लिक रिलेशन जैसे क्षेत्रों में बड़ी सफलता मिल सकती है। राजनीति में भी ये लोग आगे बढ़ सकते हैं। स्वास्थ्य की बात करें तो ये लोग खुद को लेकर सजग होते हैं लेकिन अक्सर अपने काम में इतने व्यस्त रहते हैं कि सेहत पर ध्यान नहीं दे पाते। इन्हें अनिद्रा, सिरदर्द, पाचन संबंधी दिक्कतें और नाक-गला-आंखों से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं। अगर ये लोग नियमित व्यायाम और योग करें तो स्वस्थ जीवन जी सकते हैं।