Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ट्वीट कर जानकारी दी कि केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने 27 अप्रैल 2025 से सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द कर दिए हैं। अब केवल मेडिकल वीजा 29 अप्रैल तक मान्य रहेगा। इसके अलावा केवल लंबे समय के वीजा और राजनयिक वीजा ही मान्य रहेंगे। इसके बाद किसी भी पाकिस्तानी नागरिक को नया वीजा जारी नहीं किया जाएगा। दिल्ली सरकार ने इन आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
गंभीरता से निगरानी कर रही है सरकार
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यदि कोई पाकिस्तानी नागरिक केंद्र सरकार के आदेश का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले पर सरकार की नजर बेहद गंभीरता से बनी हुई है। दिल्ली में रहने वाले सभी पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान की जा रही है और उन्हें निर्धारित समय पर भारत छोड़ने के लिए कहा जा रहा है।
Government of India has revoked all visas for Pakistani nationals, except Medical, Diplomatic & Long-Term visas, effective April 27, 2025. Medical visas will remain valid only till April 29. No new visas to be issued. Please read notification for further information. pic.twitter.com/k9lXhlO7oD
— Delhi Government (@DelhiGovDigital) April 25, 2025
किन्हें मिलेगी छूट और किस पर लागू होगा आदेश
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि गृह मंत्रालय से सख्त निर्देश मिले हैं कि पाकिस्तानी नागरिकों के साउथ एशियन एसोसिएशन फॉर रीजनल कोऑपरेशन यानी सार्क वीजा को भी रद्द कर दिया जाए। विदेशी नागरिक अधिनियम 1946 की धारा 3(1) के तहत सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा सेवाएं तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का फैसला लिया है। हालांकि यह आदेश उन पाकिस्तानी नागरिकों पर लागू नहीं होगा जिनके पास लॉन्ग टर्म वीजा यानी दीर्घकालिक वीजा है या फिर जिनके पास राजनयिक और सरकारी वीजा हैं।
अमित शाह ने सभी राज्यों को दिए सख्त निर्देश
गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात कर निर्देश दिए कि देश में कोई भी पाकिस्तानी नागरिक तय समयसीमा के बाद न रुके। सभी राज्यों को आदेश दिया गया है कि वे अपने क्षेत्र में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान करें और उनकी वापसी सुनिश्चित करें। केंद्र सरकार ने इस मुद्दे को राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़ते हुए तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। अब देशभर में पाकिस्तानी नागरिकों की वापसी की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।