Kiren Rijiju: भारत से भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेष अब वियतनाम पहुंच गए हैं। ये अवशेष 2 मई से 21 मई 2025 तक वियतनाम में शांति, करुणा और सद्भावना के विशेष समारोह में रखे जाएंगे। इन अवशेषों को लेकर भारत से एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल वियतनाम गया है, जिसका नेतृत्व केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने किया। वियतनाम पहुंचते ही वहां की सरकार और वियतनाम बुद्ध संघ की ओर से भव्य स्वागत किया गया। यह पूरा आयोजन संयुक्त राष्ट्र के “वेसाक दिवस” उत्सव के अंतर्गत हो रहा है जो कि भगवान बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण की स्मृति में मनाया जाता है।
केंद्रीय मंत्री Kiren Rijiju ने अनुभव को बताया आत्मा को छूने वाला
केंद्रीय मंत्री Kiren Rijiju ने इस अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि उन्हें भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करते हुए भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों को वियतनाम ले जाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने इसे आत्मा को छू जाने वाला अनुभव बताया। रिजिजू ने लिखा कि इस यात्रा में उन्होंने श्रद्धेय भिक्षुओं के साथ आंध्र प्रदेश सरकार के पर्यटन, संस्कृति और संस्कृत मंत्री श्री कंदुला दुर्गेश जी और अन्य अधिकारियों के साथ भाग लिया। उन्होंने इस पवित्र यात्रा को शांति, करुणा और सद्भावना से जुड़ी एक ऐतिहासिक यात्रा बताया।
Arrived in Vietnam leading the high level Indian delegation with the Sacred Relics of Lord Buddha. Grand ceremonial reception was accorded by the Govt of Vietnam & Vietnam Buddhist Sanghas. The Holy Relics will be in Vietnam from 2nd– 21st May 2025 for UN Vesak Day celebrations. https://t.co/TuMskDcLTJ pic.twitter.com/AZdwJZER1F
— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) May 2, 2025
संयुक्त राष्ट्र वेसाक दिवस समारोह के लिए भारत-वियतनाम की सांस्कृतिक साझेदारी
भगवान बुद्ध के अवशेष वियतनाम में 2 से 21 मई तक विशेष रूप से आयोजित संयुक्त राष्ट्र वेसाक दिवस समारोह का हिस्सा होंगे। इस दौरान विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और वैश्विक शांति के संदेश पर आधारित आयोजन होंगे। भारत और वियतनाम के बीच यह सांस्कृतिक सहयोग बुद्ध धर्म और सांस्कृतिक विरासत के प्रति साझा सम्मान को दर्शाता है। भारत ने इन अवशेषों को अस्थायी रूप से वियतनाम को सौंपकर धार्मिक सौहार्द और ऐतिहासिक रिश्तों को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। यह आयोजन दोनों देशों के लिए गौरव का विषय बन गया है।
अंतरराष्ट्रीय बौद्ध महासंघ और वियतनाम सरकार ने जताया आभार
इस ऐतिहासिक अवसर पर वियतनाम में भारतीय प्रतिनिधिमंडल और वियतनाम बुद्ध महासंघ के नेताओं के बीच एक संवाददाता सम्मेलन भी आयोजित हुआ। इस सम्मेलन में भारत से आए भगवान बुद्ध के अवशेषों के महत्व और उनके मूलभाव को समझाया गया। इस मौके पर किरेन रिजिजू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत की जनता की ओर से शांति और सद्भावना का संदेश दिया। वहीं, वियतनाम सरकार और बौद्ध संघ ने भारत सरकार और जनता का आभार जताते हुए कहा कि यह सांस्कृतिक सौगात दोनों देशों के बीच मित्रता को और प्रगाढ़ बनाएगी।